दयारा बुग्याल ट्रैक पर युवती लापता, सूचना मिलने में देरी पर भी उठे सवाल
समूह से अलग होकर कहां गई युवती कुछ पता नहीं, खोजबीन जारी

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तरकाशी जिले के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रैक पर गई एक युवती रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुमाऊं क्षेत्र के हल्द्वानी की रहने वाली बबीता पांडे (30 वर्ष) अपने 02 साथियों के साथ ट्रैकिंग के लिए दयारा बुग्याल पहुंची थी। शुक्रवार शाम के दौरान वह समूह से अलग हो गई या किसी अन्य परिस्थिति में लापता हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
एसडीआरएफ के अधिकारियों के अनुसार युवती के गुम होने की सूचना शनिवार को प्राप्त हुई, जिसके बाद भटवाड़ी क्षेत्र में तैनात बचाव दल को तत्काल रवाना किया गया। टीम अन्य विभागों के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। फिलहाल बबीता का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
इस घटना ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग और साहसिक पर्यटन गतिविधियों के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना होने और प्रशासन को सूचना दिए जाने के बीच काफी समय का अंतर रहा, जिससे खोज अभियान प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन ने ट्रैकिंग पर जाने वाले पर्यटकों से निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित विभागों को देने की अपील की है। फिलहाल लापता युवती की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।



