उत्तरकाशी में आधी रात हाहाकार, स्वास्थ्य विभाग की कॉलोनी में भीषण आग
सिलिंडर फटने से लगी आग, कई परिवारों का सामान हुआ खाक

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तरकाशी शहर के मध्य स्थित स्वास्थ्य विभाग की आवासीय कॉलोनी में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आए टिनशेड आवास पूरी तरह नष्ट हो गए, जबकि उनमें रह रहे कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के दौरान एक गैस सिलिंडर फटने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब पौने बारह बजे कॉलोनी के टिनशेड क्वार्टरों से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने तेजी से आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। शोर-शराबा होने पर परिवार किसी तरह बाहर निकले और सुरक्षित स्थानों की ओर पहुंचे।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। आग की तीव्रता के बीच एक सिलिंडर में विस्फोट भी हुआ, जिसके बाद अन्य सिलिंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे में प्रभावित परिवारों का अधिकांश सामान नष्ट हो गया। आसपास स्थित सरकारी परिसंपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य समेत प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा नुकसान का जायजा लिया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई इस घटना ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



