
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून में गुरुवार तड़के दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। नयागांव क्षेत्र में नाकेबंदी और सघन चेकिंग के दौरान राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी पुलिस की घेराबंदी के बाद दबोच लिया गया। हालांकि उनके 03 अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार, तड़के नयागांव चौकी बैरियर पर चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर (RJ) की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार में सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार से सेलाकुई की ओर भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया।
भागते हुए बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर पहुंचे। रामगढ़ के रपटे के पास उन्होंने अपनी कार छोड़ दी और नदी क्षेत्र की ओर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पीछा कर दबोच लिया गया।
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान रिंकू मीणा पुत्र सियाराम, निवासी ग्राम अखरोट, तहसील मण्डावर, थाना मण्डावर, जिला दौसा (राजस्थान), उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार दूसरे बदमाश का नाम विनोद कुमार मीणा पुत्र रामलाल मीणा, निवासी ग्राम एवं पोस्ट झारेड़ा, तहसील हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान), उम्र 32 वर्ष है।
गोली लगने से घायल रिंकू मीणा को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी कब्जे में ले ली गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ में घायल रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विनोद कुमार मीणा का भी राजस्थान में गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस फरार तीन बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पूरे इलाके में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है और पुलिस को जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।



