चमोली में टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला की मौत और 16 यात्री घायल
गाजियाबाद के श्रद्धालु जा रहे थे बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए, ज्योतिर्मठ के पास हादसा

Amit Bhatt, Dehradun: चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्योर्तिमठ के निकट पैनी क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। सभी यात्री उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी थे और बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए उत्तराखंड आए थे। बताया गया कि श्रद्धालुओं का दल एक दिन पहले ही राज्य में पहुंचा था और शुक्रवार सुबह धाम की ओर रवाना हुआ था।
हादसा उस समय हुआ जब टेंपो ट्रैवलर ज्योर्तिमठ के पास पैनी क्षेत्र से गुजर रही थी। अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग भी सहायता के लिए पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव दल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ज्योर्तिमठ भेजा गया।
ज्योर्तिमठ थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था, जिससे सभी घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाया जा सका।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई 44 वर्षीय आरती, निवासी गाजियाबाद, को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएचसी ज्योर्तिमठ के अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार के अनुसार, हादसे में घायल हुए 16 अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं और सभी का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



