
Round The Watch News: देहरादून में एक महिला ने अपने पति, बैंक शाखा प्रबंधक और एक अज्ञात महिला पर आपराधिक साजिश रचकर बैंक में गिरवी रखे गए सोने के आभूषण निकलवाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कैंट कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में लखनऊ निवासी महिला ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2009 में देहरादून निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। उनका आरोप है कि कुछ समय पहले पति ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया था, जिसके बाद उन्होंने दहेज उत्पीड़न और मारपीट से संबंधित मामला भी दर्ज कराया था।
महिला के अनुसार, उनके नाम पर एसबीआई की ओएनजीसी तेल भवन शाखा से गोल्ड लोन लिया गया था। इस लोन के बदले उनके सोने के आभूषण बैंक में गिरवी रखे गए थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि लोन की किश्तें उनके बैंक खाते से नियमित रूप से जमा होती रही हैं।
शिकायत में कहा गया है कि 9 फरवरी को उन्हें बैंक से एक संदेश मिला, जिससे पता चला कि गोल्ड लोन से जुड़े आभूषण बैंक से रिलीज कर दिए गए हैं। महिला का आरोप है कि उनके पति ने बैंक प्रबंधक की कथित मिलीभगत से किसी अन्य महिला को उनकी पहचान बताकर बैंक में पेश किया और फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर आभूषण निकलवा लिए।
महिला का कहना है कि जिस दिन गहने बैंक से निकाले गए, उस समय वह लखनऊ में अपने मायके में थीं और बैंक नहीं गई थीं। बैंक से जानकारी लेने पर उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि गहने लेने वाली महिला कोई और थी।
कैंट कोतवाली पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाई जा सके।



