crimeDehradun

होमस्टे में नवविवाहित महिला इंजीनियर की मौत, चादर पर मिले निशान

पति के साथ मसूरी क्षेत्र के होमस्टे में ठहरी थी गरुग्राम कि साफ्टवेयर इंजीनियर

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड के मसूरी क्षेत्र में घूमने आई गुरुग्राम की एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ एक होमस्टे में ठहरी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। कमरे से खून के निशान और खाली शराब की बोतलें मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, नवविवाहित दंपती 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड भ्रमण पर निकले थे। ऋषिकेश में कुछ समय बिताने के बाद दोनों 14 जून की रात करीब 11:30 बजे मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित टिपरीधार क्षेत्र के एक होमस्टे में रुके थे। दोनों का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति ने पुलिस को बताया कि रात करीब 3:30 बजे दोनों सोने चले गए थे। सोमवार सुबह उसकी नींद खुली तो उसने पत्नी को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया। महिला के मुंह और नाक से खून निकल रहा था और शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं थी। इसके बाद उसने होमस्टे प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के फार्मासिस्ट ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण कराया गया।

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बिस्तर की चादर पर खून के निशान पाए गए, जबकि कमरे से 02 शराब की खाली बोतल भी बरामद हुईं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या घटना से पहले दोनों ने शराब का सेवन किया था। फील्ड यूनिट ने मौके की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आवश्यक नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मृतका गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थीं, जबकि उनके पति महाराष्ट्र के पुणे में आईटी क्षेत्र से जुड़े हैं। शादी के बाद भी दोनों अलग-अलग शहरों में नौकरी कर रहे थे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम कराने का अनुरोध किया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के सास-ससुर मसूरी पहुंच चुके हैं। वहीं, उनके माता-पिता आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने दोनों परिवारों को मामले की जानकारी दे दी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button