उत्तराखंड में घर में घुसकर महिलाओं के कपड़े चुराने वाला चोर दिखा, CCTV में कैद हुई हरकत
हल्द्वानी के आनंदपुरी क्षेत्र की है घटना, चोर की अजब हरकत ने किया हैरान

Amit Bhatt, Uttarakhand: हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आनंदपुरी महेश नगर इलाके में एक व्यक्ति महिलाओं के कपड़े चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसके बाद इलाके के लोगों में चिंता और चर्चा दोनों बढ़ गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-9 स्थित आनंदपुरी महेश नगर में 19 जून की देर रात करीब 3:30 बजे एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति गली में घूमता नजर आया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि उसकी नजर एक घर के आंगन में सूख रहे कपड़ों पर पड़ती है। इसके बाद वह बिना झिझक करीब आठ फीट ऊंची दीवार लांघकर घर के भीतर पहुंच जाता है।
वीडियो में संदिग्ध व्यक्ति आंगन में टंगे कपड़ों को सावधानी से उतारता दिखाई देता है। वह कपड़ों को इकट्ठा कर अपने लोअर के अंदर छिपा लेता है और फिर उसी रास्ते से दीवार फांदकर बाहर निकल जाता है। बाहर आने के बाद भी वह कुछ समय तक आसपास नजर दौड़ाता है, मानो किसी की गतिविधि पर नजर रख रहा हो। इसके बाद वह मौके से चलता बनता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी ने टी-शर्ट, लोअर और स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे। घटना के सामने आने के बाद मोहल्ले के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि जब कोई व्यक्ति इतनी आसानी से घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर सकता है, तो भविष्य में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। वहीं क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की पहचान करने और उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।



