
Rajkumar Dhiman, Dehradun: मसूरी की माल रोड पर प्राइवेट वाहन में अवैध हूटर बजाकर खुद को वीआईपी दिखाने की कोशिश एक चालक को महंगी पड़ गई। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें बिना अनुमति हूटर लगा मिला। मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर पुलिस ने मौके पर ही वाहन को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कोतवाली मसूरी पुलिस की टीम माल रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी।
चेकिंग के दौरान HR-51 AZ-0050 नंबर की सफेद रंग की टोयोटा कार बार-बार हूटर बजाते हुए गुजर रही थी। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो पता चला कि यह निजी वाहन है और इसमें बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अवैध रूप से हूटर लगाया गया था। पुलिस के अनुसार चालक हूटर का अनावश्यक इस्तेमाल कर स्वयं को वीआईपी दर्शाने का प्रयास कर रहा था। नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।
देहरादून पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निजी वाहनों में अवैध रूप से हूटर, फ्लैश लाइट या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सभी के लिए सुरक्षित और नियमसम्मत यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।



