मसूरी में हुड़दंग मचाने वाला हरियाणा का सिरफिरा पर्यटक गिरफ्तार, वाहन भी सीज
उत्तराखंड में बाहरी राज्यों के पर्यटकों की बढ़ती गुंडागर्दी के बीच दून पुलिस की सख्ती

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड में बाहरी राज्यों, खासकर हरियाणा से आने वाले कुछ पर्यटकों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच देहरादून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मसूरी सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव मचाने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि मसूरी के बाटा शोरूम के पास कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करते हुए आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां विवाद के चलते अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
पुलिस ने मौके से नीरज राघव (36 वर्ष), निवासी गुरुग्राम, हरियाणा को हिरासत में लेकर चिकित्सीय परीक्षण के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही उसके वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिलेभर में लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
हाल के दिनों में उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों, विशेषकर मसूरी और देहरादून में बाहरी राज्यों के कुछ पर्यटकों द्वारा हुड़दंग, यातायात नियमों की अनदेखी और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



