बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी अमन समेत 3 हरियाणा से गिरफ्तार
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी

Amit Bhatt, Dehradun: बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अमन समेत तीन आरोपियों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
यह सनसनीखेज घटना 13 जून 2026 की शाम सहसपुर क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में हुई थी। खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के 30 से 40 लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में छह आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतजार—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही थी।
लगातार की जा रही तलाश के दौरान पुलिस को सफलता तब मिली जब मुख्य आरोपी अमन, उसके साथी सावेज और आजम हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल में छिपे मिले। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें देहरादून लाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। दून पुलिस का कहना है कि बैरागीवाला हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



