रिंग रोड फायरिंग का खुलासा: पुरानी रंजिश में चली गोलियां, तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य शूटर फरार
बिजनौर में शादी समारोह के विवाद ने लिया खूनी रूप, देहरादून में बदला लेने पहुंचे दोनों पक्ष, फायरिंग में दो युवक घायल

Amit Bhatt, Dehradun: रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग किसी आपराधिक गैंगवार का नहीं, बल्कि बिजनौर में शादी समारोह के दौरान हुए पुराने विवाद और रंजिश का परिणाम थी। घटना में घायल एक युवक को निशाना बनाया गया था, जबकि दूसरा राहगीर गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात करीब नौ बजे दिवाकर खंडूड़ी अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। तभी तीन-चार युवक वहां पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली नवीन राणा के कंधे में लगी, जबकि दूसरी गोली वहां से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर में जा लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को थानो रोड स्थित सोढ़ा सरोली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
शादी के विवाद से शुरू हुई दुश्मनी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान का बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कमेंद्र शर्मा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। उसी विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष एक-दूसरे को धमकियां दे रहे थे। इसी रंजिश के चलते देहरादून में दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद के दौरान फायरिंग हो गई।
मुख्य आरोपी अभी भी फरार
पुलिस ने इस मामले में अरुण कुमार उर्फ छोटू (27), सन्नी कुमार (24) और आदर्श सिंह (19) को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।



