
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रविवार को एक मकान में युवती के साथ दो युवकों के मिलने की सूचना के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों युवकों को बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट कर दी। बाद में सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामला प्रेमनगर के विंग नंबर-7 स्थित एक मकान का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि कमरे में एक युवती और दो युवक मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर लोग वहां पहुंचे और दोनों युवकों से पूछताछ शुरू कर दी।
पंजाबी समाज प्रेमनगर के अध्यक्ष अमित भाटिया (मोनू) ने आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपना नाम अमन कुमार बताया, लेकिन उसके पहचान पत्र में नाम अमन कुरैशी दर्ज था। उनका कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी ने अपनी पहचान छिपाई है या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अमित भाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ युवक नाम बदलकर हिंदू युवतियों से संपर्क कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई सार्वजनिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की अपील भी की।
घटना की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य स्थानीय संगठनों के कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे, जिससे कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस कर रही है जांच
प्रेमनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस ने किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में पहचान छिपाने, कथित “लव जिहाद” या अन्य आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।



