crimeDehradun

सिरफिरे आशिक ने महिला को दो बच्चों के सामने गोली मारी

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र की घटना, आरोपी ने खुद को भी मार ली गोली

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कल्याणपुर स्थित एक मकान में एक युवक ने दो बच्चों के सामने एक महिला को तमंचे से गोली मार दी। वारदात के तुरंत बाद उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को पहले विकासनगर के अस्पताल और बाद में हालत नाजुक होने पर देहरादून के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान संगीता, निवासी बुटानू (उत्तरकाशी) के रूप में हुई है, जबकि मृतक कमलेश, निवासी हयोटंगरी (चकराता) था। घटना के समय कमरे में दो बच्चे भी मौजूद थे, जिन्होंने पूरी वारदात देखी।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप
सुबह अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मकान का कमरा अंदर से बंद था, जिससे किसी के भीतर जाने का रास्ता नहीं था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जाली तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने जाली तोड़कर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। कमलेश और संगीता दोनों खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस ने जांच की तो कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं।

महिला की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
पुलिस ने घायल संगीता को तत्काल विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून के एक निजी हायर सेंटर रेफर कर दिया।

प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग की आशंका के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार कमलेश और संगीता दोनों शादीशुदा थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि शादीशुदा होने के बावजूद कमलेश का संगीता के घर अक्सर आना-जाना था। इसी वजह से शुरुआती जांच में इसे प्रेम संबंध से जुड़ा मामला माना जा रहा है।पुलिस ने घटना की सूचना घायल महिला के पति और मृतक युवक के परिजनों को दे दी है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला युवक द्वारा महिला को गोली मारने और बाद में आत्महत्या करने का प्रतीत होता है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह का स्पष्ट खुलासा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और घायल महिला के होश में आने के बाद दर्ज किए जाने वाले बयान के आधार पर ही हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button