कलयुगी पिता ने नशे में बेटी से किया रेप, विरोध करने पर पत्नी को पीटा
रुद्रपुर में सामने आई शर्मनाक घटना, पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा

Round The Watch News: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति पर अपनी ही 10 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना का विरोध करने पर आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात एक बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब एक बजे महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ चारपाई पर सो रही थी, जबकि उसकी 10 वर्षीय बेटी पास में रखे बेड पर सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पति शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटी के पास जाकर लेट गया।
बच्ची की घबराहट को पहले समझा सपना
आरोप है कि आरोपी ने बेटी के साथ आपत्तिजनक हरकतें शुरू कर दीं। बच्ची घबराकर चिल्लाई तो मां की नींद खुली, लेकिन उसने इसे सपना समझकर बच्ची को शांत कराया और दोबारा सुला दिया। इसके बाद कमरे की लाइट बंद कर दी गई।
लाइट जलते ही सामने आया भयावह दृश्य
कुछ देर बाद बच्ची फिर से असहज होकर घबराने लगी। इस बार मां को अनहोनी की आशंका हुई और उसने तुरंत कमरे की लाइट जला दी। आरोप है कि लाइट जलते ही उसने अपने पति को 10 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करते हुए देखा। यह दृश्य देखकर मां ने तुरंत बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया।
विरोध करने पर पत्नी से मारपीट, दी जान से मारने की धमकी
महिला ने जब पति की इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उसने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की या किसी को घटना की जानकारी दी तो वह उसे जान से मार देगा।
बच्चों को लेकर थाने पहुंची पीड़िता
पति की धमकी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरी महिला दोनों बच्चों को साथ लेकर सीधे थाने पहुंची। उसने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही बेटी का मेडिकल परीक्षण कराने और अपने व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार भी लगाई।
पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जांच अधिकारी एएसआई विनीता नेगी की ओर से महिला की शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जांच शुरू कर दी है।



