स्कूल जा रहे तीन छात्रों को तेज रफ्तार टैंकर ने रौंदा, 15 वर्षीय शिवम की दर्दनाक मौत, दो की हालत गंभीर
काशीपुर की घटना, हादसे के बाद टैंकर छोड़कर भागा चालक

Round The Watch News: ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल जा रहे तीन छात्रों को पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में 15 वर्षीय छात्र शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर शिवम का जूता और हादसे के भयावह निशान दूर तक दिखाई दिए।
तीनों छात्र पैदल जा रहे थे स्कूल
दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का 15 वर्षीय बेटा शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने साथी और रिश्ते में चचेरे-तहेरे भाई वासु और अक्षय के साथ पैदल स्कूल के लिए निकला था।
पीछे से आए टैंकर ने मारी टक्कर
बरखेड़ी मार्ग पर चलते समय पीछे से आए एक बेकाबू और तेज रफ्तार टैंकर ने तीनों छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने बिना देर किए घायल वासु और अक्षय को काशीपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
दुर्घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जानी चाहिए तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू की जाए।
सूचना मिलने पर आईटीआई कोतवाली पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को सामान्य कराया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फरार टैंकर चालक की तलाश में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक शिवम अपने पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।



