
Rajkumar Dhiman, Dehradun: आशारोड़ी से आईएसबीटी की ओर जाने वाले मार्ग पर मोहब्बेवाला में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद सड़क की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की भूमिका सवालों के घेरे में है। हादसे में चार लोगों की मौत के मामले में पटेलनगर पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ भी गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
सड़क किनारे गड्ढे और संकेतकों की कमी पर विभागों की जिम्मेदारी
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोहब्बेवाला में कार संख्या UK07FR-6780 और ट्रेलर संख्या NL-01AA-2485 के बीच दुर्घटना हुई थी। हादसे में कार सवार चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। इस मामले में आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह की शिकायत पर एनएचएआइ और लोनिवि के अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1), 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-72ए पर यातायात को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। सड़क किनारे बने गड्ढों को लेकर चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे। इसके अलावा पर्याप्त संकेतक, यातायात चिह्न और रिफ्लेक्टर की कमी थी। रात के समय रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के साथ ही सड़क के अचानक मोड़ और ढलान भी वाहन चालकों के लिए जोखिम पैदा कर रहे थे।
पहले भी उठे थे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और सुरक्षा इंतजामों की कमियों के संबंध में संबंधित विभागों को पहले भी सूचित किया गया था। इसके बावजूद दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को सुरक्षित निकाला, लेकिन शिकायत के मुताबिक एनएचएआइ और लोनिवि का कोई अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। इसे भी विभागों की जवाबदेही के लिहाज से महत्वपूर्ण माना गया है।
मृतक के भाई की शिकायत पर ट्रक चालक भी नामजद
हादसे में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति के भाई की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस दुर्घटना के दौरान ट्रक की भूमिका, चालक की लापरवाही और हादसे की परिस्थितियों की जांच करेगी। इस तरह दुर्घटना को लेकर विभागीय लापरवाही और वाहन चालक की भूमिका, दोनों पहलुओं पर अलग-अलग मुकदमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी विवेचना
एनएचएआइ और लोनिवि के अधिकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है। पुलिस सड़क की वास्तविक स्थिति, सुरक्षा संकेतकों, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी इंतजामों का परीक्षण करेगी। साथ ही पहले मिली शिकायतों और उन पर संबंधित विभागों की ओर से की गई कार्रवाई का भी पता लगाया जाएगा। जांच में यह स्पष्ट करने का प्रयास होगा कि हादसे के पीछे सड़क संबंधी खामियों और वाहन चालक की भूमिका कितनी जिम्मेदार रही।



