Uttarakhandआपदा प्रबंधन

एचएनबी गढ़वाल विवि के महिला छात्रावास के बगल में फटा सिलेंडर, दूर तक गिरे ईंट-पत्थर

छात्रावास के पास एक घर मे लगी आग बुझाने के दौरान हुआ हादसा

Round The Watch News: श्रीनगर-बुघानी रोड पर एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास के समीप गुरुवार को एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि मकान और उसमें रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।

फायर ब्रिगेड के जवान सोनू सैनी ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण मकान में रखा अधिकांश घरेलू सामान बचाया नहीं जा सका। आग बुझाने के दौरान मकान के भीतर रखा गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ईंट-पत्थर के टुकड़े दूर-दूर तक जा गिरे, जिससे घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

राहत की बात यह रही कि आग बुझाने में जुटे सभी दमकल कर्मी समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए और किसी को चोट नहीं आई। यदि सिलेंडर विस्फोट के समय कर्मी नजदीक होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

आग की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस ने दो दमकल वाहनों को मौके पर लगाया। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग को पूरी तरह बुझाया और उसे आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक दिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

इस राहत एवं बचाव अभियान में फायर ब्रिगेड के जवान सोनू सैनी, प्रमोद, रश्मि, वीरेंद्र रावत और कोमल सहित पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति और घरेलू सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button