crimeUttarakhand

आरटीओ कार्यालय में चली गोली, प्रशासनिक अधिकारी ने सहकर्मी को धमकाते हुए किया फायर

अलमारी में रखे गए दस्तावेजों में धंसी गोली, पुलिस ने पिस्टल कब्जे में ली

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हल्द्वानी स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विभाग के एक प्रशासनिक अधिकारी ने अपने ही सहकर्मी पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। संयोग से गोली कर्मचारी को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। गोली कार्यालय की अलमारी में रखे दस्तावेजों में जा धंसी। फायरिंग के बाद आरोपी अधिकारी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी बाबू राज्य आंदोलनकारी कोटे से परिवहन विभाग में भर्ती हुआ था और वर्तमान में हल्द्वानी संभागीय कार्यालय में तैनात है। कुछ दिन पहले विभागीय स्तर पर उसे उसके सेवा पटल से हटाकर दूसरे विभाग से संबद्ध किया गया था। बताया जा रहा है कि इस बदलाव से वह नाराज चल रहा था।

दोपहर में हुआ विवाद, समझाने पर मामला हुआ शांत
मंगलवार दोपहर आरोपी कार्यालय पहुंचा तो किसी बात को लेकर उसी सहकर्मी से उसकी कहासुनी हो गई, जिस पर बाद में उसने फायरिंग की। विवाद बढ़ता देख विभागीय अधिकारियों ने बीच-बचाव किया और दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद आरोपी कार्यालय से चला गया।

हालांकि, कुछ देर बाद वह घर गया और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर दोबारा कार्यालय पहुंच गया। शाम करीब चार बजे उसकी सहकर्मी से फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान उसने रिवॉल्वर निकालकर फायर कर दिया। गोली सामने मौजूद कर्मचारी को लगने के बजाय कार्यालय की अलमारी में रखे दस्तावेजों में जा फंसी।

पहले कहा-आज छुट्टी कर दो, फिर चला दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग से पहले आरोपी ने कर्मचारियों से कहा था कि आज छुट्टी कर दो और सभी घर चले जाओ। इसके कुछ ही देर बाद उसने गोली चला दी। गोली चलने की आवाज से कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे।

फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि जाते समय उसने कर्मचारियों से कहा कि इस बार तो फायर मिस हुआ है, लेकिन अगली बार नहीं होगा। इस धमकी के बाद कार्यालय के कर्मचारियों में भय का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस को घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के हिरासत में आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी कार्यालय में फायरिंग बेहद गंभीर: डीएम
नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सरकारी कार्यालय में इस तरह की घटना को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई के लिए आरटीओ को दिशा-निर्देश दिए हैं।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस: एसपी सिटी
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button