
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनकी मेड की हत्या कर दी गई। मकान नंबर 16 में हुई इस वारदात में ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त रमेश कपूर (83), उनकी पत्नी रजनी कपूर (76) और मेड तिलिया (करीब 55 वर्ष) की जान चली गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था और रजनी कपूर के गले से चेन छीनने के बाद विरोध करने पर पेचकस से हमला किया।
चेन छीनने का विरोध करना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आरोपी विष्णु लोक कॉलोनी स्थित कपूर दंपती के घर पहुंचा। घर में उस समय रमेश कपूर, रजनी कपूर और मेड शीला मौजूद थीं। आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। रजनी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने पेचकस से उन पर लगातार कई वार कर दिए।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मेड शीला ने जब यह देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी ने शीला पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घर से आ रही चीख-पुकार ने आसपास रहने वाले लोगों का ध्यान खींचा।
पड़ोसी ने घर के अंदर देखा पूरा घटनाक्रम
पड़ोसी भारती भंडारी के अनुसार, करीब तीन बजे उन्हें कपूर दंपती के घर से शोर सुनाई दिया। बाहर निकलकर उन्होंने घर की ओर देखा तो एक युवक मेड शीला पर पेचकस से हमला करता दिखाई दिया। भारती के शोर मचाने पर आरोपी उनकी ओर भी बढ़ा, जिसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे।
लोगों को आते देखकर आरोपी घर से निकलकर भागने लगा। उसने रास्ते में पेचकस दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश की। इसी दौरान बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
एंबुलेंस का इंतजार, पड़ोसी अपने वाहनों से अस्पताल ले गए
वारदात के बाद तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 10 मिनट तक इंतजार के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर गए। उपचार के दौरान रमेश कपूर, रजनी कपूर और शीला की मौत हो गई।
ऑर्डनेंस फैक्ट्री से रिटायर्ड थे रमेश कपूर
रमेश कपूर ऑर्डनेंस फैक्ट्री में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। वह पत्नी रजनी कपूर के साथ विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में रहते थे। उनके घर में काम करने वाली शीला भी वारदात के समय वहां मौजूद थीं। एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी से पूछताछ
ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मकान को घेरकर जांच शुरू की। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर वारदात की वजह लूट बताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी घर तक कैसे पहुंचा और घटना में उसके साथ कोई और शामिल था या नहीं। हत्या में इस्तेमाल पेचकस समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद वारदात की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।



