उत्तराखंड में 06 साल की बच्ची का किडनैप कर दुष्कर्म, सुबह बदहवास हाल में मिली
कलियर में हाजिरी देने आया था बरेली का परिवार, क्षेत्र में मचा हड़कंप

Round The Watch News: कलियर क्षेत्र में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया। बच्ची मंगलवार शाम से लापता थी और स्वजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह बच्ची बदहवास हालत में मिली तो परिवार सदमे से भर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि पीड़ित परिवार मूल रूप से बरेली का रहने वाला है और कलियर में हाजिरी देने के लिए आया था। परिवार के लोग यहां एक स्थान पर ठहरे हुए थे। मंगलवार शाम बच्ची अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद जब उसका पता नहीं चला तो परिवार के लोगों ने रातभर आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की।
बुधवार सुबह बच्ची बदहवास हालत में मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। बच्ची की हालत और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी। पुलिस ने बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बच्ची के लापता होने से लेकर उसके बरामद होने तक के घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। साथ ही आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपित की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद कलियर क्षेत्र में पुलिस की गश्त और चेकिंग बढ़ा दी गई है। आरोपित की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि बच्ची की चिकित्सकीय जांच और बयान के आधार पर मामले में आगे की जांच की जा रही है।



