Uttarakhandआपदा प्रबंधन

भागीरथी नदी में समाई इनोवा कार, 04 लोगों की मौत, 03 की तलाश जारी

गंगोत्री हाईवे पर सुबह करीब 7:21 बजे हुआ हादसा, कार में सवार थे सात लोग; एक घायल को सड़क तक पहुंचाने का प्रयास

Round The Watch News: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों के शव नदी किनारे बरामद होने की सूचना है। वहीं, एक घायल को नदी किनारे से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। ऐसे में अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7:21 बजे गंगनानी के पास एक वाहन के भागीरथी नदी में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटनास्थल गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर बताया गया है। नदी में गिरा वाहन इनोवा कार है।

घटनास्थल पर पहुंची मनेरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद होने की सूचना मिली है। वहीं, एक घायल व्यक्ति नदी किनारे मिला है, जिसे पुलिस की मदद से सड़क तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन में सात लोगों के सवार होने की जानकारी के आधार पर शेष लोगों की तलाश की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए मनेरा से एनडीआरएफ के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें नदी में और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चला रही हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और कार में सवार लोगों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

केदारताल में सर्च अभियान पर गई एसडीआरएफ टीम सुरक्षित
उधर, केदारताल क्षेत्र में लापता ट्रेकर्स की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।एसडीआरएफ कंट्रोल रूम, जौलीग्रांट से मिली जानकारी के अनुसार, टीम ने गुरुवार सुबह 8:45 बजे निर्धारित क्षेत्र में सर्च अभियान के लिए प्रस्थान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button