वीडियो: विधायक उमेश के घर पर अंधाधुंध फायरिंग, पूर्व विधायक चैंपियन पर आरोप, हाथ में राइफल लेकर दिखे खड़े
दोपहर में घटना को दिया गया अंजाम, शाम को पूर्व विधायक चैंपियन को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड की संस्कृति और मर्यादा के साथ जब-तब खिलवाड़ करते नजर आने वाले खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उनकी विवादित भूमिका खानपुर के ही वर्तमान विधायक उमेश कुमार के कार्यालय/घर पर की गई अंधाधुंध फायरिंग के मामले में सामने आई है। सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर दोनों के बीच की जुबानी जंग रविवार को गणतंत्र दिवस जैसे पावन दिवस पर शर्मनाक चेहरे के साथ सड़क पर आ गई। आरोप है कि पूर्व विधायक और उनके कार्यकर्ताओं ने विधायक उमेश कुमार को निशाना बनाते हुए उनके कार्यालय पर आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके कई वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में विधायक चैंपियन स्वयं हाथ में राइफल के साथ दिख रहे हैं।
दूसरी तरफ इस हमले से गुस्साए खानपुर के विधायक उमेश कुमार भी हाथ में पिस्टल लिए किसी दिशा में बढ़ते दिख रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो। बताया जा रहा है खानपुर विधायक के समर्थकों के साथ जमकर मारपीट भी की गई है। उन पर मिर्ची पाउडर का प्रयोग भी किया गया है। इससे पूरे रुड़की क्षेत्र में अफरा- तफरी की स्थिति भी बनी रही और कानून व्यवस्था का पूरी तरह मजाक बनाकर रख दिया गया।
उमेश कुमार के घर पर गोलियों के निशान बता रहे हैं कि इस घटना के मंसूबे कितने खतरनाक थे। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय खानपुर विधायक उमेश कुमार के आवास पर उनके समर्थक इमरान और प्रेम सिंह चौहान आदि बैठे हुए थे। उसी दौरान कई वाहनों में सवार होकर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और उनके समर्थक वहां पहुंचे और उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। साथ ही मिर्च पाउडर का स्प्रे कर दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही खानपुर विधायक उमेश कुमार भी रुड़की पहुंच गए और उन्होंने वह भी पिस्तौल के साथ आगे बढ़ते दिखे। एसपी देहात और कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन, तब तक चैंपियन समर्थक जा चुके थे। पुलिस अधिकारियों ने घटना से गुस्साए विधायक उमेश कुमार को किसी तरह शांत कराया। विधायक उमेश ने कहा है कि देवभूमि में ऐसी कायराना हरकत करने वालों पर सख्त कार्रवाई किए जाए। वह इसके बिना शांत नहीं बैठेंगे।
बताया जा रहा है कि रुड़की में घटना को अंजाम देने के बाद पूर्व विधायक चैंपियन दून आ रहे थे। लेकिन, जोगीवाला क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में लेकर थाने ले आई। यहां भी पूर्व विधायक का रौब गांठने का वीडियो सामने आया है। जिसमें वह यह कहते दिख रहे हैं कि उन पर 25 मुकदमे हैं। एक और हो जाएगा। साथ में वह उन्हें जाने देने की मिन्नत भी पुलिस से कर रहे हैं। लेकिन, पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कुछ व्यक्तियों की गिरफ्तारी भी पुलिस ने की। इस सूचना पर हरिद्वार (रुड़की) पुलिस भी देहरादून पहुंच गई और चैंपियन को अपने साथ ले गई।