
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून में दून पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराधियों के लिए अब भागने की कोई जगह नहीं बची है। विकासनगर क्षेत्र में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात को पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में सुलझाते हुए पांचों आरोपियों को धर दबोचा। अपहृत युवक शक्ति पुंडीर को भी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया।
घर में घुसकर युवक को उठा ले गए आरोपी, फिर फोन कर मांगी 1 लाख की फिरौती
2 मार्च की शाम पुष्पा देवी, निवासी भोजावाला, विकासनगर ने पुलिस को तहरीर दी कि कुछ अंजान युवक उनकी घर में घुस आए। उन्होंने उनके बेटे शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की और उसे जबरन एक कार (UK 07 FS 4482) व मोटरसाइकिल से उठाकर ले गए। कुछ देर बाद एक अनजान नंबर से कॉल कर धमकी दी गई—”1 लाख रुपये दो, तभी लड़के को छोड़ेंगे”। तहरीर मिलते ही कोतवाली विकासनगर में मु.अ.सं. 63/2026, धारा 140(2)/115(2)/333 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर कई टीमें गठित,CCTV, वाहन ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र से खुला राज
मामले की गंभीरता देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तुरंत पुलिस की कई टीमें बनाई गईं। घटनास्थल का निरीक्षण कर, आसपास के CCTV खंगाले गए और अपहरण में इस्तेमाल कार और उसके मालिक का पता लगाया। पुलिस ने लगातार सुरागरसी करते हुए रात में ही युवक को सुरक्षित खोज निकाला और पांचों अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
शातिर अपराधियों की करतूत, पहले धार्मिक संगठन का नाम, फिर ब्लैकमेल का खेल
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गैंग पहले खुद को धार्मिक संगठन से जुड़ा बताता है। फिर नशे के आदी या कमजोर सामाजिक स्थिति वाले युवकों को निशाना बनाकर उन पर मादक पदार्थों की तस्करी का फर्जी आरोप लगाते हैं। इसके बाद उन्हें जेल भिजवाने की धमकी देकर फिरौती वसूलते हैं। 02 मार्च की घटना में भी आरोपियों ने यही तरीका अपनाया। घर में घुसकर युवक पर झूठा आरोप लगाया, कार में बैठाकर ले गए और फिरौती की मांग की।
गिरफ्तार आरोपी
विकास वैरोगी, पुत्र सतपाल वैरागी, पंजाबी बाग, हकीकत नगर, सहारनपुर (उ.प्र.), उम्र 35 वर्ष
नीरज, पुत्र मदन, निवासी माईकोटा थाना नागर, सहारनपुर (उ.प्र.), उम्र 34 वर्ष
प्रवीन, पुत्र प्रीतम सिंह, वार्ड-3 पहाड़ी गली, विकासनगर, देहरादून, उम्र 44 वर्ष
सचिन, पुत्र शांति प्रसाद, लेन-3 आदर्श कॉलोनी, जीवनगढ़, विकासनगर, उम्र 31 वर्ष
नवीन, पुत्र महेंद्र सिंह, ग्राम डांडा, डाकपत्थर, विकासनगर, उम्र 27 वर्ष
दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई चर्चा में
तेज़ कार्रवाई ने अपहरणकर्ताओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस की त्वरित रणनीति, तकनीकी विश्लेषण और फील्ड इंटेलिजेंस की बदौलत मामला घंटों में सुलझ गया। दून पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में मिसाल बन रही है। एक बार फिर साबित हुआ कि अपराधी चाहे जितना शातिर हो, दून पुलिस उससे ज्यादा तेज़ है।



