
Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित वार्षिक उत्सव (एनुअल फेस्ट) को पुलिस ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर आयोजित करने की अनुमति नहीं दी है। इसके साथ ही आयोजन को रद्द करने को लेकर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। यह कार्यक्रम 1 और 2 मई को होना था, जिसमें करीब 10 से 15 हजार छात्रों और अन्य लोगों के जुटने की संभावना जताई गई थी।
पुलिस के अनुसार, यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद मामले की विस्तृत समीक्षा की गई। जांच में यह सामने आया कि हाल ही में कैंपस से जुड़े विवाद में एक छात्र की हत्या हो चुकी है, जिसके चलते माहौल अभी पूरी तरह सामान्य नहीं है। ऐसे में बड़ी भीड़ जुटने से स्थिति बिगड़ने का खतरा बना हुआ था।
थाना स्तर पर अधिकारियों का कहना है कि हत्या मामले की जांच अभी जारी है और परिसर के आसपास संवेदनशीलता बनी हुई है। इसी वजह से एहतियातन यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर कार्यक्रम रद्द करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने साफ किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा। वहीं, पुलिस के नोटिस पर अभी यूनिवर्सिटी प्रशासन का रुख आना बाकी है।
23 मार्च की खौफनाक रात मामला संवेदनशील
गौरतलब है कि 23 मार्च की रात यूनिवर्सिटी से जुड़े छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। यह घटना केहरी गांव इलाके में वर्चस्व की लड़ाई के चलते हुई, जिसमें लाठी-डंडों और अन्य हथियारों का इस्तेमाल हुआ। इस संघर्ष में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना की जान चली गई थी।
पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से यूनिवर्सिटी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और बड़े आयोजनों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।



