बेटी के प्यार के आड़े आ रहा था पिता, तो मार डाला, 02 गिरफ्तार
बहादराबाद में 24 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: हरिद्वार जनपद के बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए हत्या की साजिश की पूरी परतें खोल दी हैं। दरअसल, पिता बेटी के प्यार के आड़े आ रहा था, तो प्रेमी ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और प्रेम संबंध मुख्य कारण रहे। जांच में सामने आया कि मृतक की शादीशुदा बेटी के साथ मुख्य आरोपी पंकज कुमार का प्रेम संबंध था। आरोपी उससे विवाह करना चाहता था और इसके लिए वह तलाक करवाने का दबाव बना रहा था। लेकिन मृतक राजवीर इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था, जो आखिरकार उसकी जान का कारण बना।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल की शाम पंकज ने अपने साथी छोटे लाल के साथ मिलकर योजना के तहत राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास खेतों में बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर हथौड़े से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जानकारी मिली, जिसकी लोकेशन ट्रेस करने पर पंकज को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी छोटे लाल को भी नहर पटरी मार्ग से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के पास से हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, एक स्प्लेंडर बाइक, मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर 27 अप्रैल को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड जांच के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दिया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।



