श्रीनगर में 5 मई को रोजगार का बड़ा मौका, 800 पदों पर भर्ती करेंगी नामी कंपनियां
हाईस्कूल से लेकर स्नातक पास अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग, मिलेगा पक्का रोजगार

Round The Watch News: पौड़ी जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से 5 मई 2026 को श्रीनगर (गढ़वाल) स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब फेयर पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी लैंसडाउन उत्तम कुमार के अनुसार, इस मेले में ऑटोमोबाइल सेक्टर की कई नामी कंपनियां भाग लेंगी। इनमें जेके टायर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज मोटर्स, रॉकमैन, शिवम ऑटोटेक और मुंजाल शोवा जैसी कंपनियां शामिल हैं। कुल मिलाकर 10 से 12 औद्योगिक इकाइयों के आने की संभावना है।
मेले के जरिए लगभग 700 से 800 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। हालांकि, पदों की संख्या कंपनियों की आवश्यकता के अनुसार बदल भी सकती है। जिन अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा, उन्हें पक्का रोजगार और समुचित वेतन मिलेगा।
किन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, ऑटोमोबाइल), डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल) और बीएससी पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
जरूरी दस्तावेज साथ लाएं
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, अपडेटेड बायोडाटा, सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र और सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र लेकर निर्धारित तिथि व समय पर पहुंचें।
यह रोजगार मेला स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योगों और युवाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का भी महत्वपूर्ण मंच बनेगा।



