crimeDehradunEducationpolice

वीडियो: पुलिस ने छात्र पर डंडे बरसाए, एसआई और एएसआई लाइन हाजिर

घटना का वीडियो वायरल होने पर दोनों पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर करने के साथ ही राजपत्रित अधिकारी को जांच सौंपी

Amit Bhatt, Dehradun: प्रेमनगर क्षेत्र में उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों की भीड़ हटाने पहुंची पुलिस और एक युवक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें दिख रहा है कि पुलिस छात्र को डंडे से पीट रही है और छात्र जमीन पर गिरा है। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोबाल ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

दरअसल, संस्थान में प्रस्तावित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम (एनुअल फेस्ट) को लेकर पहले पुलिस ने अनुमति नहीं दी थी और फिर वृहद कार्यक्रम न कराए जाने के निर्देश के अंतर्गत अनुमति जारी की गई। क्योंकि, हाल में ही यहां छात्रों के बीच रंजिश के चलते एक बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या कर दी गई थी। बावजूद इसके कार्यक्रम से पूर्व ही छात्रों का भारी संख्या में जुटना शुरू हो गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र संस्थान के बाहर इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित होने लगा और जाम की स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि कई छात्र और बाहरी युवक अपने वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर भीड़ बढ़ा रहे थे। पुलिस ने सभी को वाहन हटाने और स्थान खाली करने के निर्देश दिए। अधिकतर लोगों ने बात मान ली, लेकिन एक युवक पुलिस से उलझ गया और बहस करने लगा।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। जब पुलिस उसे पकड़ने आगे बढ़ी तो वह भागने लगा। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर लाठी से पीट दिया।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। मामला सामने आते ही एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने तत्काल संज्ञान लिया और एसपी सिटी प्रमोद कुमार को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की।

प्रारंभिक जांच के आधार पर एक उपनिरीक्षक (एसआई) और एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस बल में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button