
Amit Bhatt, Dehradun: डोईवाला स्थित एक ज्वेलर्स शोरूम में शुक्रवार देर शाम चार लोगों (दो महिला और दो पुरुष) के शातिर गिरोह ने लाखों रुपये की 6 सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य ग्राहक बनकर ऋषिकेश रोड स्थित कंचन ज्वेलर्स पहुंचे थे। इनमें पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थीं। सभी ने बड़ी चालाकी से दुकानदार को बातचीत और जेवर दिखाने में उलझाए रखा। इसी दौरान मौका देखकर एक सदस्य ने ट्रे में रखी सोने की चेन गायब कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग तरीके से दुकानदार का ध्यान भटकाते रहे। कुछ देर बाद सभी लोग सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल गए। बाद में जब ज्वेलर्स ने जेवरों का मिलान किया तो 6 सोने की चेन गायब मिलीं।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और बाजारों में लगे कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि गिरोह की पहचान की जा सके।
स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी।



