crimeDehradun

हनुमान चालीसा बजाया तो मुस्लिम परिवार ने महिला पर बरसाई ईंट

राजधानी देहरादून में सामने आया सकते में डालने वाला प्रकरण, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित मंदाकिनी विहार में धार्मिक भजन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक बुटीक संचालिका पर कथित तौर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 05 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला हेमा का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ महीने से पड़ोस में रहने वाला एक मुस्लिम दंपति उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। महिला के मुताबिक, उनसे हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन बंद करने के लिए कहा गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने कहा कि भजन की आवाज से उन्हें परेशानी होती है और सिर दर्द होने लगता है। इसके बाद हेमा ने भजन की आवाज धीमी कर दी थी।
महिला का कहना है कि जब उन्होंने इस व्यवहार की शिकायत पड़ोस में रहने वाली युवती के पिता से की तो उन्हें भी भजन बंद करने की सलाह दी गई। हेमा के अनुसार, उनसे कहा गया कि अगर किसी को परेशानी हो रही है तो भजन-कीर्तन बंद कर देना चाहिए।
पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी तबीयत खराब थी और उनके पति काम से उत्तरकाशी गए हुए थे। उसी दौरान पड़ोस की युवती उनकी दुकान पर पहुंची और कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि या तो अपने पति को समझा लो, नहीं तो वे खुद समझा देंगे। महिला ने आरोप लगाया कि 6 मई को भी युवती ने दुकान पर आकर झगड़ा किया, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने जवाब नहीं दिया।
हेमा के मुताबिक, शाम को पति के लौटने के बाद विवाद और बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवती बार-बार अपने रिश्तेदारों को बुला रही थी। इसी दौरान एक पड़ोसी महिला ने उन्हें भजन-कीर्तन बंद करने की सलाह दी। बात बढ़ने पर कथित तौर पर युवती ने चप्पल उठाकर धमकी दी और कहा कि वह उन्हें “जीना सिखाएगी”।
पीड़िता और उनके पति का आरोप है कि इसके बाद युवती के परिवार के कई लोग वहां पहुंच गए और उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे महिला बेहोश हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया।
महिला के पति दीपांशु ग्रोवर ने बताया कि जब उन्होंने युवती से बात करने की कोशिश की तो विवाद और भड़क गया। उनका आरोप है कि इसके बाद आसपास के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के अगले दिन कुछ लोग समझौते के लिए उनके पास पहुंचे थे।
रायपुर थाना पुलिस ने इस मामले में सनाया खान, ईशान खान, साइक अहमद, रिफाकत अली समेत पांच लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button