पत्नी के रील बनाने की आदत से परेशान पति ने फोटो पर थूका और गंगा में कर दिया विसर्जित
हरिद्वार में वायरल VIDEO से मचा बवाल, संत समाज नाराज और पुलिस खोज में जुटी

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: उत्तराखंड के हरिद्वार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक गंगा घाट पर अपनी पत्नी की माला चढ़ी तस्वीर के साथ ऐसी हरकत करता दिखाई दे रहा है, जिसने लोगों के बीच भारी नाराजगी पैदा कर दी है। युवक पहले तस्वीर को कैमरे के सामने दिखाता है, फिर उस पर लगातार पांच बार थूकता है और बाद में फोटो को गंगा में प्रवाहित कर देता है।
वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहित समाज, संत समाज और हिंदूवादी संगठनों ने इसे धार्मिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक वीडियो की लोकेशन और युवक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर क्या दावा किया जा रहा
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी की लगातार रील बनाने की आदत से परेशान था। इसी नाराजगी में उसने कथित तौर पर जिंदा पत्नी का प्रतीकात्मक पिंडदान किया। हालांकि, पुलिस ने अब तक इन दावों की पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
VIDEO में क्या-क्या दिखाई दे रहा
माला चढ़ी तस्वीर कैमरे में दिखाई
वीडियो की शुरुआत में युवक हाथ में एक फ्रेम की हुई तस्वीर पकड़े दिखाई देता है। तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ी हुई नजर आती है। युवक फोटो को कैमरे की तरफ दिखाता है और रिकॉर्डिंग करने वाला व्यक्ति भी उसे क्लोज़ में शूट करता दिखाई देता है।
तस्वीर पर लगातार पांच बार थूकता दिखा
इसके बाद युवक तस्वीर पर एक के बाद एक पांच बार थूकता नजर आता है। यही हिस्सा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हुआ। कई लोगों ने इसे धार्मिक और सामाजिक रूप से आपत्तिजनक बताया है।
फोटो को गंगा में बहाया
थूकने के बाद युवक तस्वीर को गंगा में प्रवाहित कर देता है। वीडियो में फोटो पानी में बहती हुई दिखाई देती है। इस दौरान युवक कैमरे की तरफ भी देखता नजर आता है।
पिंडदान जैसी क्रिया करता दिखा व्यक्ति
वीडियो में युवक के हाथ में पिंड जैसा सामान भी दिखाई देता है। वह उसे भी गंगा में बहाता नजर आता है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर प्रतीकात्मक पिंडदान किए जाने के दावे किए जा रहे हैं।
सफेद गमछा घुमाकर गंगा में फेंका, सिकन नहीं
वीडियो के आखिरी हिस्से में युवक अपने गले में पड़ा सफेद गमछा उतारता है। वह उसे हवा में तीन बार घुमाता है और बाद में गंगा में प्रवाहित कर देता है।
आसपास मौजूद लोग देखते रहे तमाशा
वीडियो में घाट पर कई लोग मौजूद दिखाई देते हैं। कुछ लोग मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग करते नजर आते हैं। हालांकि किसी ने युवक को रोकने या विरोध करने की कोशिश की हो, ऐसा वीडियो में दिखाई नहीं देता।
हरकी पैड़ी या कोई दूसरा घाट? तस्वीर अभी साफ नहीं
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को हरकी पैड़ी से जोड़कर शेयर किया जा रहा है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो वास्तव में हरिद्वार के किस घाट का है। वीडियो में गंगा किनारा, सीढ़ियां और आसपास मौजूद लोग दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अब वीडियो की लोकेशन और समय की पुष्टि करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो हाल का है या पुराना, इसकी भी जांच की जा रही है।
संत समाज और तीर्थ पुरोहितों में नाराजगी
वीडियो वायरल होने के बाद संत समाज और तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि गंगा घाट करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं और वहां इस तरह की गतिविधियां धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं के खिलाफ हैं।
तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
वहीं, हरकी पैड़ी चौकी पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही वीडियो की वास्तविकता और लोकेशन की भी पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्य स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



