
Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़े अंतरराज्यीय ‘सेक्सटॉर्शन’ रैकेट का पर्दाफाश करते हुए गोवा से फरार चल रहे गैंग के सरगना को देहरादून से गिरफ्तार किया है। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी सलमान खान को थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से दबोचा गया। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और गोवा पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सलमान खान पुत्र जमशेद खान निवासी 210 महबूब कॉलोनी, माजरा, थाना पटेलनगर, देहरादून है। आरोपी के खिलाफ गोवा राज्य के नार्थ गोवा जिले के मापुसा पुलिस स्टेशन में मुकदमा संख्या 36/2024 दर्ज है। उस पर धारा 342, 170, 323, 560(2), 389, 120B और 34 भादवि के तहत गंभीर आरोप हैं।
ऐसे फंसाते थे अमीर कारोबारियों को
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अगस्त 2023 में सलमान खान अपने परिचित इमाद निवासी बेहट, सहारनपुर के साथ कालका, दिल्ली निवासी निवेदिता शर्मा के संपर्क में आया। यहीं उसकी मुलाकात मोहम्मद आयान, मोहम्मद वसीद, फैजान फरजान, यासर, राज चौधरी और हरिद्वार निवासी भुवन अरोड़ा से हुई। सभी ने मिलकर एक संगठित सेक्सटॉर्शन गैंग तैयार किया।
गैंग का तरीका बेहद शातिर था। खूबसूरत युवतियों के जरिए अमीर बिजनेसमैनों को जाल में फंसाया जाता था। फिर अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। आरोपी खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो का अधिकारी बताकर फर्जी आई कार्ड दिखाते थे और फिर पीड़ितों को बंधक बनाकर मारपीट करते हुए करोड़ों रुपये की उगाही करते थे।
गोवा के विला में रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग ने मुंबई के एक कारोबारी को निशाना बनाने के लिए पूरी प्लानिंग की थी। आरोपी निवेदिता शर्मा के माध्यम से कारोबारी को अपने जाल में फंसाया गया। इसके बाद नार्थ गोवा के मापुसा क्षेत्र स्थित “विला हाउस फॉरेस्ट कुचेलिया” को किराए पर लिया गया, जहां पहले से गुप्त कैमरे फिट किए गए थे।
योजना के तहत कारोबारी को वहां बुलाया गया और निवेदिता शर्मा उसके साथ रुकी। देर रात गैंग के अन्य सदस्य विला में घुस गए और खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम बताने लगे। फर्जी आई कार्ड दिखाकर कारोबारी को डराया गया, अश्लील वीडियो बनाए गए और फिर उसे बंधक बनाकर मारपीट करते हुए करोड़ों रुपये ऐंठ लिए गए।
पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं गैंग के सदस्य
पीड़ित कारोबारी की शिकायत के बाद गोवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही निवेदिता शर्मा निवासी कालका, दिल्ली और भुवन अरोड़ा निवासी हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया था। गैंग के कई अन्य सदस्य भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, लेकिन गैंग का सरगना सलमान खान लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
गोवा पुलिस ने जब उत्तराखंड एसटीएफ से संपर्क किया तो एसटीएफ ने सटीक सूचना के आधार पर 23 मई 2026 को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से सलमान खान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
कई राज्यों में वारदातों की आशंका
एसटीएफ के मुताबिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि यह गैंग अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम
-निरीक्षक अबुल कलाम
-उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी
-हेड कांस्टेबल संजय कुमार
-हेड कांस्टेबल महेंद्र नेगी
-हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाई
-कांस्टेबल मोहन असवाल



