
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा से आए एक युवक ने जाखन क्षेत्र के जोहड़ी तिराहे पर अपनी कार बीच सड़क में खड़ी कर दी। सड़क पर वाहन रुकने से कुछ ही देर में लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक ने पुलिस से ही उलझना शुरू कर दिया। साथ ही चाकू तानकर डराने की कोशिश भी की। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी विनय के रूप में हुई है। वह हुंडई वरना कार संख्या HR 16AC 7177 चला रहा था। ट्रैफिक कर्मियों ने जब उससे वाहन हटाने को कहा तो उसने सहयोग करने के बजाय अभद्रता शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों को डराने तथा हमला करने की कोशिश की।
अचानक चाकू निकलने से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सतर्क हो गए। स्थिति बिगड़ती देख जाखन चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद करीब छह पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू में लिया और हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी का एल्कोमीटर टेस्ट कराया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत उसकी कार को सीज कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी की पत्नी हाल ही में देहरादून के रायपुर स्थित अपने मायके आई हुई थी। विनय भी अपनी ससुराल पहुंचा था। पूछताछ के दौरान उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि विनय वर्ष 2021 से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से गुजर रहा है तथा दिल्ली स्थित फोर्टिस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद किया है। सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग, यातायात बाधित करने और पुलिस को धमकाने के मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।



