निकाय चुनाव के लिए शराब की कर रहे थे तस्करी, आबकारी टीम ने तस्कर को दबोचा
नरेंद्र नगर ले जाई जा रही सात पेटी अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में नरेंद्रनगर क्षेत्र में की गई सघन चेकिंग के दौरान आबकारी विभाग ने सात पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। चुनावी माहौल में शराब की खेप पकड़े जाने को आबकारी विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-02 नरेंद्र नगर समरबीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम नरेंद्रनगर-रानीपोखरी बाईपास रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान ग्राम डागर से करीब दो किलोमीटर आगे संदिग्ध वाहन संख्या UK07X-8935 (सेंट्रो कार) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से सात पेटी मैकडॉवल व्हिस्की (फॉर सेल इन उत्तराखंड ओनली) बरामद हुई।
पूछताछ में वाहन चालक की पहचान अनिल सिंह निवासी कांडा, नरेंद्रनगर के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की आपूर्ति और तस्करी के उद्देश्य से शराब ले जाई जा रही थी। आबकारी टीम ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थानीय निकाय चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चुनाव के दौरान शराब के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी निरीक्षक समरबीर सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक देवानंद वेदवाल, प्रधान आबकारी सिपाही आनंद गुनसोला, आशीष नेगी, श्रवण कुमार तथा आबकारी सिपाही आजाद सिंह शामिल रहे।



