10वीं की छात्रा को हवस का शिकार बनाता रहा शिक्षक, गर्भवती होने पर खुली करतूत
पिथौरागढ़ में सामने आई गुरु और शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना

Round The Watch News: पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना विकासखंड क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। एक हाईस्कूल में कार्यरत शिक्षक पर 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के यौन शोषण का आरोप लगा है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी और रक्तस्राव होने पर उसके परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय परीक्षण में गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य केंद्र की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
प्रारंभिक जांच में आरोप सामने आए हैं कि विद्यालय में तैनात शिक्षक लंबे समय से छात्रा का यौन शोषण कर रहा था। यह भी आरोप है कि गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद छात्रा को गर्भपात कराने के उद्देश्य से दवा दी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और रक्तस्राव शुरू हो गया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। चूंकि पीड़िता नाबालिग है, इसलिए उसकी पहचान से जुड़ी किसी भी जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।



