crimeUttarakhand

उत्तराखंड में संदिग्ध आतंकी पकड़े गए, चीन में बने हथियार और हेरोइन भी बरामद

ऊधम सिंह नगर से की गई गिरफ्तारी, पाकिस्तान ड्रोन नेटवर्क से जुड़े होने की भी आशंका

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र से एक संदिग्ध आतंकी गतिविधियों से जुड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी ईशानप्रीत सिंह के रूप में हुई है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि उसका संबंध पाकिस्तान से संचालित ड्रोन आधारित हथियार तस्करी नेटवर्क से हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) से प्राप्त खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एजेंसियों को इनपुट मिला था कि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में हथियारों और मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप पहुंचाई गई है, जिसे विभिन्न राज्यों में सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।

आरोपी के पास से बरामद हुए हथियार और मादक पदार्थ
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार आरोपी से जुड़े मामले में भारी मात्रा में अवैध हथियार और हेरोइन बरामद की गई है। साथ ही 03 जिगाना पिस्टल, 03 बरेटा पिस्टल, 06 चीन निर्मित पिस्टल, 20 मैगजीन और लगभग 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब सीमा क्षेत्र में पहुंचाए गए थे। सूत्रों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने या नेटवर्क को मजबूत करने की तैयारी चल रही थी। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

मई में मिला था बड़ा इनपुट
बताया गया है कि मई महीने में सेना, BSF और पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि सीमा पार से हथियारों और ड्रग्स की एक बड़ी खेप भारत में पहुंचाई गई है। जांच के दौरान इसके तार पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय कुछ आपराधिक तत्वों तक जुड़ते पाए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने इसके बाद संयुक्त रूप से निगरानी और तलाश अभियान शुरू किया था।

अमृतसर में छापेमारी के दौरान फरार हो गया था आरोपी
23 मई को ANTF और BSF की टीमों ने अमृतसर शहर में संदिग्ध तस्करों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया था। इसी दौरान ईशानप्रीत सिंह के आवास पर भी छापा मारा गया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम को देखकर आरोपी मकान की छत से छलांग लगाकर पीछे के रास्ते से भाग निकला था। इसके बाद केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और पंजाब पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थीं।

घर की तलाशी में मिला था बड़ा जखीरा
अमृतसर स्थित आवास की तलाशी के दौरान एजेंसियों को बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और मादक पदार्थ मिले थे। बरामद सामग्री में विभिन्न प्रकार की पिस्टल, मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन शामिल थी। इस बरामदगी के बाद मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के दृष्टिकोण से भी गंभीरता से लिया गया।

बाजपुर में तड़के चला संयुक्त ऑपरेशन
हाल ही में पंजाब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पहचान छिपाकर उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में रह रहा है। इसके बाद यह जानकारी उत्तराखंड STF के साथ साझा की गई। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में STF की विशेष टीम गठित की गई। 15 जून की तड़के कार्रवाई में उत्तराखंड STF, पंजाब ANTF और बाजपुर पुलिस ने केशवनगर क्षेत्र में संयुक्त दबिश देकर ईशानप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पंजाब में पहले से दर्ज हैं मुकदमे
जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पंजाब के एसएएस नगर में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पाकिस्तान से जुड़े ड्रोन नेटवर्क और हथियार आपूर्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात कही जा रही है।

आगे की जांच पंजाब पुलिस करेगी
चूंकि मामले का मुख्य मुकदमा पंजाब में दर्ज है और जांच अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ी हुई है, इसलिए उत्तराखंड STF ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ और कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया है।

मामले में सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के अन्य सहयोगियों, संभावित सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। वहीं ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति द्वारा मामले की विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button