वीडियो: तेरे जैसे 36 देखे, दो कौड़ी का, ऑडी सवार महिला ने दरोगा को हड़काया
हरिद्वार में पुलिस से अभद्रता पड़ी महंगी, ऑडी कार सीज, तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज

Round The Watch News: हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व और लंबे सप्ताहांत के दौरान यातायात व्यवस्था में बाधा डालने तथा पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कनखल पुलिस ने एक ऑडी कार में सवार महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए वाहन को सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून को स्नान पर्व और वीकेंड के चलते हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई थी। कनखल क्षेत्र के देशरक्षक तिराहे पर तैनात पुलिसकर्मी वाहनों को निर्धारित मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग की ओर भेज रहे थे।
इसी दौरान एक ऑडी कार वहां पहुंची। आरोप है कि पुलिस द्वारा डायवर्जन योजना का पालन करने के लिए कहने पर कार में सवार दो पुरुष और एक महिला नाराज हो गए। पुलिस का कहना है कि तीनों ने ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों के साथ बहस की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और माहौल तनावपूर्ण बना दिया। महिला पर भी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की करने का आरोप है।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और मौके पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, जिसके बाद कार सवार वहां से चले गए। बताया गया कि जाते समय उन्होंने पुलिसकर्मियों को कथित रूप से धमकी भी दी।
घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के उपरांत कनखल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। स्नान पर्व समाप्त होने के बाद आरोपियों और वाहन की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए श्यामपुर क्षेत्र में ऑडी कार को रोक लिया और उसे सीज कर दिया। जांच में कार सवारों की पहचान क्षतिज बाली, उनकी पत्नी और संकेत बाली के रूप में हुई, जो नई दिल्ली के उत्तम नगर स्थित वाणी विहार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों में शामिल एक युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है। कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, वाहन को सीज कर दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



