
Round The Watch News: देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में किराए पर रहने वाले एक युवक पर पड़ोस की युवती का नहाते समय मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश करने का आरोप लगा है। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन बाद में स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसकी पिटाई की गई और उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। पुलिस ने पीड़िता के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
28 जून की रात की घटना
जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 की रात पटेलनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चन्द्रमणी चोयला (भूत्तोवाला) में रहने वाली एक युवती अपने घर के बाथरूम में नहा रही थी। आरोप है कि पड़ोस में किराए पर रहने वाला आदिल नाम का युवक मोबाइल फोन लेकर चोरी-छिपे बाथरूम के पास पहुंचा और युवती का वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश करने लगा।
युवती की नजर पड़ते ही मचाया शोर
बताया जा रहा है कि वीडियो बनाने के दौरान युवती की नजर आरोपी और उसके मोबाइल फोन पर पड़ गई। इसके बाद उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से भाग निकला।
लोगों ने पकड़कर की पिटाई
युवती की आवाज सुनकर उसके परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़िता ने उन्हें पूरी घटना बताई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
भाई ने पुलिस को दी तहरीर
घटना के बाद पीड़िता के भाई ने आईएसबीटी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत में कहा गया कि उनकी बहन बाथरूम में नहा रही थी, तभी पड़ोस में किराए पर रहने वाला आदिल मोबाइल लेकर उसे देख रहा था और वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था।
इस धारा में दर्ज हुआ मुकदमा
शिकायत के आधार पर पटेलनगर थाना पुलिस ने आरोपी आदिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह धारा महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और ताकझांक (Voyeurism) जैसे मामलों से संबंधित है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



