शादी के छह महीने बाद पति पर रेप का आरोप, जबरन संबंध बनाने पर पहुंची थाने
हल्द्वानी में पत्नी ने दहेज प्रताड़ना और मारपीट का भी लगाया आरोप

Round The Watch News: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक विवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि शादी के शुरुआती महीनों तक सब सामान्य रहा, लेकिन करीब छह महीने बाद पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसने पति पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने, अप्राकृतिक हरकतों के लिए दबाव डालने और दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले में मुखानी थाना पुलिस ने पति सहित परिवार के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2024 में हुई थी शादी, कुछ महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी। विवाह के बाद शुरुआती कुछ महीने सामान्य रूप से बीते, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष का रवैया बदलने लगा। महिला का आरोप है कि उसे कम दहेज लाने का ताना दिया जाने लगा और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पति पर यौन हिंसा और अप्राकृतिक हरकतों का आरोप
महिला ने शिकायत में कहा है कि शादी के करीब छह महीने बाद पति बेहद यौन हिंसक हो गया। वह उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था और अप्राकृतिक हरकतें करने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर पति के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्य भी उसके साथ मारपीट करते थे।
पीरियड्स के दौरान भी जबरन बनाए संबंध
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मासिक धर्म के दौरान तेज दर्द से गुजरने के बावजूद पति उसकी शारीरिक स्थिति की परवाह नहीं करता था और जबरन संबंध बनाता था। महिला का कहना है कि उसकी बुनियादी जरूरतों की भी अनदेखी की जाती थी। यहां तक कि उसे सेनेटरी पैड और रोजमर्रा के आवश्यक सामान के लिए भी तरसाया जाता था। विरोध करने पर ये जरूरी चीजें भी उससे छीन ली जाती थीं।
अलग रहने के बाद भी नहीं रुकी परेशानियां
महिला का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से तंग आकर वह ससुराल से अलग रहने लगी, लेकिन इसके बाद भी उसे परेशान किया जाता रहा। आखिरकार उसने मुखानी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा, जांच शुरू
मुखानी थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



