Dehradun

4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर पीएचक्यू कूच, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका

2001 व 2022 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की मांग तेज, राजनीतिक संगठनों ने किया प्रदर्शन; पुलिस परिवार के सदस्य नहीं आए नजर

Amit Bhatt, Dehradun: वर्ष 2001 और 2022 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने परेड ग्राउंड से पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) तक कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लंबित मांग को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी परेड ग्राउंड में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर बढ़े। हालांकि पुलिस ने मुख्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर जुलूस को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

प्रदर्शन के दौरान कुछ नेताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारते हुए आगे जाने से रोक दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, लेकिन पुलिस परिवार से जुड़े सदस्य या पुलिसकर्मियों के परिजन दिखाई नहीं दिए। बताया जा रहा है कि संभावित कार्रवाई की आशंका के चलते पुलिसकर्मियों के स्वजन प्रदर्शन से दूरी बनाए रहे।

सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) भी सक्रिय रही और पुलिस परिवार से जुड़े लोगों की पहचान कराई गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2001 और 2022 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे दिए जाने की मांग लंबे समय से लंबित है। सरकार को इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पुलिसकर्मियों के साथ न्याय करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए पुलिस मुख्यालय के आसपास यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button