crimeUttarakhand

लड़की से मिलने आए मुस्लिम युवक को भीड़ ने पीटा, गले में कुत्ते का पट्टा डालने की शर्मनाक हरकत

हरिद्वार की घटना, कुत्ते का पट्टा पहनाकर खंभे से बांधा, पुलिस ने भीड़ से किसी तरह युवक को छुड़ाया

Round The watch News: उत्तराखंड के हरिद्वार में एक मुस्लिम युवक के साथ भीड़ की बर्बरता का मामला सामने आया है। हरियाणा के करनाल निवासी शादाब, जो वर्तमान में हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक अस्पताल में कार्यरत है, अपनी परिचित युवती से मिलने कनखल थाना क्षेत्र के गणपति धाम पहुंचा था। युवक के मुस्लिम होने की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने युवक पर “लव जिहाद” का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की, गले में कुत्ते का पट्टा डालकर उसे सड़क किनारे एक खंभे से बांध दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को भीड़ से सुरक्षित निकाला।

पुरानी दोस्ती के चलते मिलने पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, शादाब और युवती एक-दूसरे को पिछले कई वर्षों से जानते हैं। दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं और उनके बीच लंबे समय से दोस्ती है। इसी सिलसिले में शनिवार को शादाब युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था।

घर में घुसकर मारपीट का आरोप
बताया गया है कि युवक के वहां होने की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता और कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि वे जबरन घर के अंदर घुसे और युवक पर “लव जिहाद” का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

कुत्ते का पट्टा पहनाकर खंभे से बांधने की शर्मनाक घटना
मारपीट के दौरान हमलावरों ने युवक के गले में कुत्ते का पट्टा डाल दिया और उसे सड़क पर एक खंभे से बांध दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ के बीच युवक की लगातार पिटाई की गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। घायल युवक लगातार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन बर्बरता के आलम काफी देर तक जारी रहा।

पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर कराया उपचार
घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के बीच से युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे थाने ले गई। इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार कराया गया तथा मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।

लड़की की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
मामले में युवती की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हमला करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वीडियो और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button