crimeDehradunराजनीति

राहुल गांधी के दौरे का विरोध करने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी का आरोपी राजेंद्र गिरफ्तार

दून पुलिस ने दिल्ली से पकड़ा, भाजपा महिला मोर्चा ने दर्ज कराया है मुकदमा

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड की महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामला उस फेसबुक पोस्ट से जुड़ा है, जिसमें राहुल गांधी के प्रस्तावित देहरादून दौरे का विरोध कर रही महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

भाजपा महिला मोर्चा की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
प्रदेश मंत्री महिला भाजपा नेहा शर्मा ने शनिवार को डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि “पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी” नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट से उत्तराखंड की महिलाओं और मातृशक्ति के खिलाफ अशोभनीय एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। शिकायत में कहा गया कि ऐसी भाषा महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाने का प्रयास भी है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर देहरादून आने की बात सार्वजनिक की थी। इसे देखते हुए पुलिस से उसकी पहचान सुनिश्चित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।

एसएसपी के निर्देश पर तत्काल बनी पुलिस टीम
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डालनवाला कोतवाली पुलिस की विशेष टीम शनिवार रात ही दिल्ली रवाना हुई और आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को वहां से गिरफ्तार कर देहरादून ले आई।

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के ग्राम भरगढ़ी का निवासी है और वर्तमान में इंद्रा पार्क, नई दिल्ली में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी पोस्ट
पुलिस के अनुसार आरोपी की विवादित पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। पोस्ट पर बड़ी संख्या में लोगों ने नाराजगी जताते हुए कड़ी टिप्पणियां कीं। बढ़ते विरोध के बीच आरोपी ने बाद में सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी, लेकिन तब तक मामला पुलिस तक पहुंच चुका था।

पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
जानकारी के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब आरोपी विवादों में आया हो। इससे पहले भी वह उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर चुका है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने या समाज में अशांति फैलाने वाले किसी भी मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button