DehradunEducation

बेसिक स्कूल की प्रधानाध्यापिका शैली को हटाया, 27 लाख के निर्माण पर अनियमितता के आरोप

उप शिक्षा अधिकारी डोईवाला ने की कार्रवाई, दूसरे स्कूल से अटैच किया

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून के डोईवाला ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठाकुरपुर में 27 लाख रुपये के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपों के घेरे में आई प्रधानाध्यापिका जमनोत्री शैली का तबादला कर दिया है। उप शिक्षा अधिकारी, डोईवाला की ओर से जारी आदेश में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनसमुदाय की शिकायतों का हवाला देते हुए उन्हें अग्रिम आदेशों तक राजकीय प्राथमिक विद्यालय साहबनगर, छिद्दरवाला में संबद्ध किया गया है।

मामला विद्यालय में कराए गए करीब 27 लाख रुपये के निर्माण कार्य से जुड़ा है। आरोप है कि निर्माण कार्य स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) को विश्वास में लिए बिना कराया गया। विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय में वर्ष 2018 में गठित स्कूल प्रबंधन समिति ही अब तक कागजों में चल रही थी, जबकि नियमानुसार समय-समय पर उसका पुनर्गठन किया जाना चाहिए था। इससे निर्माण कार्य की स्वीकृति और निगरानी की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हुए।

जांच के दौरान निर्माण स्थल के चयन में भी गंभीर खामी सामने आई। जिस स्थान पर भवन का निर्माण कराया गया, वह वन क्षेत्र से सटा हुआ पाया गया, जिससे भविष्य में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई। जांच अधिकारियों ने यह भी पाया कि विद्यालय परिसर में आवासीय क्षेत्र से लगी सुरक्षित भूमि उपलब्ध होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया गया।

इन तथ्यों के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को वर्तमान विद्यालय से हटाने का आदेश जारी कर दिया। आदेश में उन्हें तत्काल कार्यभार हस्तांतरित कर नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, इस कार्रवाई के बाद भी कई सवाल बाकी हैं। यदि विभागीय जांच में निर्माण प्रक्रिया, एसएमसी की भूमिका और स्थल चयन में अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं, तो केवल स्थानांतरण तक कार्रवाई सीमित रहेगी या वित्तीय एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। अब इस पूरे प्रकरण में शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button