पुरानी बीमारी का प्रमाण दिए बिना क्लेम किया खारिज, बीमा कंपनी को देने होंगे 1.69 लाख
घुटने की चोट को पुराने दावे से जोड़कर स्टार हेल्थ ने खारिज किए थे दो क्लेम

Rajkumar Dhiman, Dehradun: स्वास्थ्य बीमा के नाम पर वर्षों तक प्रीमियम लेने के बाद जब उपभोक्ता को उपचार के खर्च की प्रतिपूर्ति करनी पड़ी तो बीमा कंपनी ने तकनीकी आधार पर क्लेम खारिज कर दिए। कंपनी ने एक ही घुटने से संबंधित दो उपचार दावों को पहले के दावे से जुड़ा बताते हुए भुगतान से इन्कार कर दिया। मामला जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग पहुंचा तो कंपनी का बचाव उसके काम नहीं आया। आयोग ने मेडिकल दस्तावेजों, अस्पताल के रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के तर्कों की पड़ताल के बाद माना कि बीमा कंपनी क्लेम खारिज करने का पर्याप्त आधार साबित नहीं कर सकी। आयोग ने उपचार खर्च के 1,44,251 रुपये, सेवा में कमी के लिए 20 हजार रुपये और वाद व्यय के पांच हजार रुपये देने का आदेश दिया है।
यह मामला आशु अरोड़ा (42 वर्ष), पुत्र रमेश चंद अरोड़ा, निवासी मेन बाजार, ऋषिकेश का है। उन्होंने स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी से नौ दिसंबर 2017 को फैमिली हेल्थ ऑप्टिमा इंश्योरेंस पॉलिसी ली थी। इसके तहत पांच लाख रुपये का बीमा कवर था। पॉलिसी के लिए 13,057 रुपये प्रीमियम जमा किया गया। उपभोक्ता का आरोप था कि बीमा कंपनी ने पॉलिसी की शर्तों के अनुरूप उपचार खर्च का भुगतान नहीं किया, जबकि उन्होंने आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए थे।
स्कूल से लौटते समय लगी थी घुटने में चोट
परिवाद के अनुसार, 10 अप्रैल 2018 को आशु अरोड़ा अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। सुबह करीब 8:15 बजे घर आते समय भारत मंदिर के पास उनका पैर मुड़ गया और वह गिर पड़े। इससे दाहिने घुटने में चोट आई। उन्हें तत्काल निर्मल आश्रम अस्पताल, ऋषिकेश ले जाया गया। वहां जांच के बाद एमआरआइ कराने की सलाह दी गई। इसके बाद 10 अप्रैल को ही कृष्णा मेडिकल सेंटर में जांच कराई गई। चिकित्सकों ने एमआरआइ और आगे के उपचार की सलाह दी। बाद में हिमालयन अस्पताल, जौलीग्रांट में घुटने की चोट का उपचार कराया गया।
आयोग के समक्ष प्रस्तुत रिकॉर्ड के अनुसार, उपभोक्ता 16 से 28 अप्रैल 2018 तक अस्पताल में भर्ती रहे। इसके बाद 17 मई को उन्हें फिर हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया। घुटने की चोट और उपचार के लिए विभिन्न चरणों में खर्च हुआ। उपभोक्ता ने कुल 1,44,251 रुपये की प्रतिपूर्ति का दावा किया।
दो क्लेम, एक ही आधार पर खारिज किए
बीमा कंपनी ने उपचार खर्च के लिए दो अलग-अलग क्लेम प्रस्तुत किए जाने पर 89,559 रुपये और 54,692 रुपये के भुगतान से इन्कार किया। कंपनी ने अपने जवाब में कहा कि दोनों दावे पहले के दावे से संबंधित हैं। पूर्व में इसी प्रकार का दावा खारिज किया जा चुका है, इसलिए वर्तमान दावा भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। कंपनी ने पॉलिसी की शर्तों और पूर्व बीमारी से संबंधित प्रावधानों का हवाला देते हुए अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया।
वहीं, परिवादी का पक्ष था कि चोट दुर्घटना के कारण लगी थी। यह कोई पहले से मौजूद बीमारी नहीं थी। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार जांच व इलाज कराया गया। इसके बावजूद बीमा कंपनी ने दोनों क्लेम का भुगतान नहीं किया। परिवादी ने कंपनी के समक्ष कई बार पत्राचार किया। 26 जुलाई 2018 को कंपनी की ओर से दावा निरस्त किए जाने की सूचना भी दी गई। इसके बाद 23 अगस्त 2018 को अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। आखिरकार सात दिसंबर 2018 को जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद दायर किया गया।
मेडिकल रिकॉर्ड ने कंपनी के दावे पर उठाए सवाल
आयोग ने मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के दस्तावेजों और दलीलों का परीक्षण किया। बीमा कंपनी ने यह तर्क भी दिया कि उपभोक्ता के घुटने की चोट और पूर्व उपचार के बीच संबंध है तथा पॉलिसी में पहले से मौजूद बीमारी के उपचार को लेकर प्रतीक्षा अवधि का प्रावधान है। हालांकि आयोग ने पाया कि कंपनी ने अपने बचाव में ऐसे पर्याप्त दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए, जिनसे यह साबित हो सके कि परिवादी की चोट पॉलिसी लेने से पहले की बीमारी अथवा उसी का परिणाम थी।
आयोग ने यह भी महत्वपूर्ण माना कि परिवादी ने दुर्घटना, अस्पताल में भर्ती होने, एमआरआइ जांच और उपचार से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए थे। कंपनी की ओर से दावा निरस्त करने के लिए दिए गए आधारों से यह साबित नहीं हुआ कि उपचार खर्च की प्रतिपूर्ति से पूरी तरह इन्कार करना उचित था। आयोग ने स्पष्ट किया कि बीमा कंपनी के पास दावा खारिज करने का ठोस आधार होना चाहिए। केवल पुराने दावे से संबंध बताकर नए दावे को अस्वीकार नहीं किया जा सकता।
आयोग ने माना सेवा में कमी, ब्याज सहित भुगतान का आदेश
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष पुष्पेंद्र खरे और सदस्य अलका नेगी की पीठ ने 21 नवंबर 2026 को परिवाद आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए बीमा कंपनी को 45 दिन के भीतर 1,44,251 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया। यह राशि सात दिसंबर 2018 से वास्तविक भुगतान की तिथि तक छह प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज सहित देनी होगी।
इसके अलावा सेवा में कमी के लिए 20 हजार रुपये और वाद व्यय के रूप में पांच हजार रुपये भी देने होंगे। इस तरह बीमा कंपनी पर मूल राशि के अलावा 25 हजार रुपये की अतिरिक्त देनदारी तय की गई है। आयोग ने अपने निर्णय में बीमा कंपनी की ओर से क्लेम निरस्त किए जाने को सेवा में कमी माना।



