
Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून में वर्ष 2023 में हुए एक गंभीर विद्युत हादसे के मामले में न्यायालय के निर्देश पर यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एसीजेएम प्रथम के आदेश के अनुपालन में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार, रुद्रप्रयाग निवासी पिंकू लाल 23 अक्टूबर 2023 को रिस्पना से करगी चौक के पास स्थित इंडिया फैब्रिकेशन इंटीरियर के निकट सामान उतारने पहुंचे थे। आरोप है कि वाहन से नीचे उतरते ही वह वहां से गुजर रही यूपीसीएल की 33 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद उन्हें पहले देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। लंबे इलाज के दौरान उनकी स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि चिकित्सकों को उनके दोनों हाथ काटने पड़े। पीड़ित का कहना है कि इस हादसे के कारण उन्हें स्थायी शारीरिक दिव्यांगता का सामना करना पड़ा है। साथ ही मानसिक आघात और भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां 33 केवी बिजली लाइन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थी। शिकायत के अनुसार यूपीसीएल अधिकारियों की कथित लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह दुर्घटना हुई।
पीड़ित ने अदालत को बताया कि हादसे के बाद लंबे समय तक इलाज और पुनर्वास प्रक्रिया चलने के कारण वह समय पर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर उन्होंने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत देने का प्रयास किया, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने डाक के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को भी शिकायत भेजी।
मामले में सुनवाई के बाद एसीजेएम प्रथम ने प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। न्यायालय के निर्देश के अनुपालन में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



