
Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड में भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। करोड़ों रुपये की भूमि हड़पने की साजिश में शामिल फरार आरोपी राजकमल को दून पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी बबीता देवी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जी अधिकार पत्र (पावर ऑफ अटॉर्नी) तैयार कर करोड़ों की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की थी। इसके लिए करीब दस वर्ष पहले मृत हो चुके व्यक्ति की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हीं के आधार पर भूमि पर स्टे (स्थगन आदेश) लेने का प्रयास किया गया।
राहुल देव की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
कोतवाली पटेलनगर में राहुल देव, पुत्र स्वर्गीय अशोक कुमार, निवासी सी-19 टर्नर रोड, पटेलनगर, देहरादून ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके ममेरे दादा स्वर्गीय केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम कर दी थी।
वर्ष 2016 में केवल कृष्ण के निधन के बाद राहुल देव ने वर्ष 2024 में वसीयत के आधार पर उक्त संपत्ति अपने नाम दर्ज कराई। लेकिन वर्ष 2026 में जब उन्होंने भूमि की फर्द निकाली तो पता चला कि बबीता देवी, पत्नी टेक सिंह, ने अपने साथियों राजकमल, पुत्र रामपाल, तथा मो. इनाम कुरैशी, पुत्र हाजी अब्दुल, के साथ मिलकर वर्ष 2025 की एक कथित अधिकार पत्र/पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर भूमि पर स्टे के लिए आपत्ति दाखिल कर दी।
शिकायत के अनुसार, यह पावर ऑफ अटॉर्नी पूरी तरह फर्जी थी। आरोप है कि मृत केवल कृष्ण की जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर दस्तावेज तैयार किए गए। इस फर्जी अधिकार पत्र पर राजकमल और मो. इनाम कुरैशी गवाह बने थे।
बीएनएस की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
राहुल देव की शिकायत के आधार पर 17 अप्रैल 2026 को कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 247/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 318(4), 336(3), 338, 340(4) और 61(2) लगाई गई हैं।
एसएसपी के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचक ने रजिस्ट्री कार्यालय देहरादून, राजस्व विभाग तथा विभिन्न बैंकों से संबंधित दस्तावेज जुटाए। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
मुख्य आरोपी बबीता पहले ही जा चुकी है जेल
पुलिस ने इस मामले की मुख्य आरोपी बबीता देवी, पत्नी टेक सिंह, निवासी ग्राम बीराखेड़ी, चौकी धलापड़ा, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 52 वर्ष, को 1 जून 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
फरार राजकमल भी दबोचा गया
अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने 31 जुलाई 2026 को राजकमल, पुत्र स्वर्गीय रामपाल, निवासी गली नंबर-3, हसनपुर चुंगी के निकट, दिल्ली रोड, सहारनपुर, मूल निवासी ग्राम बेरखेड़ी हिंदू, थाना तीतरों, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 53 वर्ष, को जय कॉलोनी, सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद मो. इनाम कुरैशी, पुत्र हाजी अब्दुल, की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
-वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, कोतवाली पटेलनगर
-हेड कांस्टेबल मनोज कुमार
-कांस्टेबल प्रमोद परमार
-हेड कांस्टेबल किरण कुमार, एसओजी नगर, देहरादून



