देवप्रयाग में 250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 6 की मौत, लक्सर से घूमने निकला था परिवार, मांगकर लाई गई थी कार
मृतकों में एक ही परिवार के 05 लोग शामिल, मांग कर लाई गई थी बोलेरो कार

Round The watch News: उत्तराखंड के देवप्रयाग में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडधार के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार सात लोगों में से छह की जान चली गई, जबकि एक बच्चा घायल है। घायल का बेस अस्पताल श्रीनगर में उपचार चल रहा है।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पौड़ी में ठेकेदारी का काम करने वाले अफजाल अपने परिवार के साथ लक्सर से पौड़ी की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह परिवार को पहाड़ घुमाने के साथ अपनी साइट पर भी जा रहे थे। कुंडधार के पास तीखे मोड़ पर बोलेरो अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर खाई में राहत एवं बचाव अभियान चलाया। हादसे में मारे गए सभी छह लोगों के शव खाई से बाहर निकाल लिए गए हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पति-पत्नी, तीन बच्चे और भाई की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान अफजाल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटे शादाब (14), अमन, बेटी अन्नाविया (3) और अफजाल के भाई गुफरान (34) के रूप में हुई है। वहीं, घायल बच्चे की पहचान अरमान के रूप में हुई है। उसे रेस्क्यू के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सुबह लक्सर से निकला था परिवार
परिवार के एक रिश्तेदार के मुताबिक, अफजाल शुक्रवार सुबह ही परिवार के साथ लक्सर से निकले थे। पौड़ी में उनकी साइट थी, जहां उन्हें काम के सिलसिले में जाना था। इस बार उन्होंने काम के साथ परिवार को पहाड़ों की सैर कराने का भी कार्यक्रम बनाया था। परिवार के लोग सुबह घर से निकले थे और पौड़ी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही कुंडधार के पास हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
मांगकर लाई गई थी हादसे वाली बोलेरो
हादसे में शामिल काले रंग की बोलेरो अफजाल की अपनी गाड़ी नहीं थी। वह इसे मांगकर लेकर आए थे। वाहन मालिक टीपू सुल्तान ने बताया कि बोलेरो का नंबर UK08 BL0387 है और उन्होंने इसे इसी साल मार्च में खरीदा था। टीपू सुल्तान के मुताबिक, शुक्रवार सुबह उन्होंने अपनी बोलेरो अपने रिश्तेदार आमिर को दी थी। इसके बाद आमिर ने यह गाड़ी अफजाल को दे दी। टीपू सुल्तान ने बताया कि वह अफजाल को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे और उनकी पहचान केवल आमिर के जरिए थी।
हादसे के वक्त बोलेरो की स्टेयरिंग अफजाल के हाथ में थी। इसी दौरान कुंडधार के पास तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत और एक बच्चे के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है।



