
Amit Bhatt, Dehradun: डोईवाला क्षेत्र में दिनदहाड़े हथियार के बल पर दोपहिया वाहन लूटने का मामला सामने आया है। सौंग नदी स्थित सीमेंट फैक्ट्री के पास तीन बदमाशों ने एक युवक को रोककर कथित तौर पर कट्टा दिखाया, जान से मारने की धमकी दी और उसकी एक्टिवा स्कूटी छीनकर फरार हो गए। घटना के करीब 12 दिन बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऋषिकेश रोड, डोईवाला निवासी रमनदीप सिंह पुत्र रणधीर सिंह ग्रेवाल ने कोतवाली डोईवाला में दी शिकायत में बताया कि 25 जुलाई की शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच वह अपनी गहरे भूरे रंग की होंडा एक्टिवा से सौंग नदी स्थित सीमेंट फैक्ट्री के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद तीन अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार, तीनों आरोपितों ने युवक को कथित तौर पर कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। भय का माहौल बनाकर उन्होंने उसकी एक्टिवा जबरन छीन ली और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से युवक घबरा गया और बदमाशों का पीछा भी नहीं कर सका।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और लूटी गई स्कूटी बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



