crimeUttarakhand

पति से झगड़कर मायके जा रही महिला से जंगल में रेप, 7 माह की बच्ची भी थी साथ

घर छोड़ने और सुलह के नाम पर जंगल में ले जाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप

Round The Watch News: पति से विवाद के बाद सात महीने की बच्ची को लेकर मायके जाने के लिए घर से निकली महिला को उसके पति का दोस्त सुलह कराने और घर छोड़ने का भरोसा देकर बाइक पर बैठा ले गया। महिला का आरोप है कि रास्ते में आरोपी उसे टांडा के जंगल में ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय महिला की सात माह की मासूम बच्ची भी उसके साथ थी। शिकायत मिलने के बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, जवाहर नगर गौला नदी क्षेत्र, हल्द्वानी निवासी दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर महिला अपनी सात माह की बेटी को साथ लेकर लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंच गई। इस दौरान पति ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी। महिला ने उसे बताया कि वह लालकुआं रेलवे स्टेशन पर है। पति के दोस्त धर्मेंद्र निवासी राजपुरा को जब इसकी जानकारी मिली तो वह बाइक लेकर रेलवे स्टेशन पहुंच गया।

महिला के अनुसार, धर्मेंद्र ने उससे पति के साथ सुलह कराने और उसे घर छोड़ने की बात कही। उसके भरोसे में आकर महिला अपनी बच्ची के साथ उसकी बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि धर्मेंद्र बाइक को हल्द्वानी की दिशा में ले जाने लगा, लेकिन आईओसी डिपो के सामने उसने बाइक सड़क से मोड़ दी और महिला व उसकी बच्ची को लेकर टांडा के जंगल की ओर चला गया।

महिला का आरोप है कि जंगल में पहुंचने के बाद आरोपी ने उसकी सात माह की बच्ची को एक तरफ बैठा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक घटना के बाद आरोपी उसे देर रात हल्द्वानी स्थित गौला पुल के पास छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद महिला लालकुआं कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस पीड़िता को साथ लेकर बताए गए घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस अब घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि महिला के बताए घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button