crimeDehradunEducation

कोचिंग संस्थान में पोती की उम्र की छात्रा से प्यार का इजहार, मांगा किस तो जमकर हुआ हंगामा

जानकारी के मुताबिक विधानसभा में निजी सचिव रह चुका आरोपी संचालक, माफी मांगते वीडियो वायरल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: धर्मपुर स्थित एक कोचिंग संस्थान में छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्राएं और अभिभावक कोचिंग संस्थान के संचालक से नाराजगी जताते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, संचालक माफी मांगता नजर आ रहा है।

बताया जा रहा है कि मामला धर्मपुर स्थित कृष्णा कोचिंग संस्थान का है। वायरल वीडियो और उससे जुड़े ऑडियो में संस्थान के संचालक पर एक छात्रा से आपत्तिजनक और अभद्र तरीके से बातचीत करने का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि बातचीत के दौरान संचालक ने छात्रा से कथित तौर पर कहा कि वह उसे किस करना चाहता है। इससे पहले छात्रा से प्यार का इजहार भी किया।

वीडियो में छात्रा के परिजन और अन्य छात्राएं संचालक से इस कथित व्यवहार को लेकर सवाल-जवाब करते दिखाई दे रहे हैं। छात्रा के पिता भी नाराजगी जताते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि वह अब अपनी बेटी को इस संस्थान में नहीं पढ़ाएंगे।

ऑडियो को लेकर भी उठे सवाल
वायरल सामग्री में सामने आए कथित ऑडियो को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। आरोप लगाया जा रहा है कि संचालक ने छात्रा से बेहद आपत्तिजनक और अनुचित भाषा में बातचीत की। हालांकि, वायरल ऑडियो और वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि रिकॉर्डिंग किस परिस्थिति में की गई थी।

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि संस्थान संचालक पूर्व में विधानसभा में निजी सचिव के पद पर कार्यरत था और कुछ समय पहले सेवानिवृत्त हुआ है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
मामले में अभी तक छात्रा या उसके परिजनों की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग कोचिंग संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा शिक्षकों और संचालकों के आचरण को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button