Forest And WildlifeUttarakhand

पिथौरागढ़ में डिब्बे में फंसा विशाल मॉनिटर लिजर्ड रेस्क्यू, शिक्षिका और स्थानीय युवक ने बचाई जान

सिर में फंसे डिब्बे के साथ पेड़ों में इधर-उधर छटपटा रहा था जीव

Round The Watch News: सीमांत क्षेत्र बलुवाकोट के लेक गांव में जंगल से निकलकर एक मॉनिटर लिजर्ड (गोह) गांव में पहुंच गया। इस दौरान उसका सिर एक डिब्बे में फंस गया, जिससे वह बुरी तरह तड़प रहा था। ग्रामीणों की नजर पड़ने के बाद उसे सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका जावंती पांडे (जया) ने स्थानीय युवक भास्कर के साथ मिलकर मॉनिटर लिजर्ड को बचाने का साहसिक प्रयास किया। बिना डरे दोनों ने सावधानीपूर्वक उसके सिर में फंसे डिब्बे को अलग किया और उसे नया जीवन दिया।

जावंती पांडे केवल शिक्षिका ही नहीं, बल्कि एक कुशल पर्वतारोही भी हैं। वह पिछले तीन दशक से अधिक समय से साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही हैं। उनके नाम विश्व और कई राष्ट्रीय स्तर के रिकॉर्ड भी दर्ज हैं।

कोविड-19 महामारी के पहले चरण के दौरान जब लोगों में निराशा और भय का माहौल था, तब 6 दिसंबर 2020 को जावंती पांडे ने 148 मीटर ऊंचे बिरथी जलप्रपात से उतरकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। उनके इस साहसिक प्रयास ने उस मुश्किल दौर में लोगों के भीतर उम्मीद और हौसला जगाने का काम किया था।

मॉनिटर लिजर्ड के रेस्क्यू के दौरान स्थानीय युवक भास्कर ने भी अदम्य साहस का परिचय दिया। उसने बिना घबराए लिजर्ड के सिर में फंसे डिब्बे को सावधानी से अलग किया। इसके बाद मॉनिटर लिजर्ड को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।

ग्रामीणों ने जावंती पांडे और भास्कर के इस प्रयास की सराहना की। वन्यजीव को समय पर बचाए जाने से उसकी जान बच सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button